टाटा ग्रुप के कामकाज और उसकी कार्यप्रणाली को लेकर भीतरखाने चल रहा विवाद अब सार्वजनिक रूप से सामने आ गया है। टाटा ट्रस्ट के वाइस चेयरमैन विजय सिंह और वेणु श्रीनिवासन ने सीनियर एडवोकेट डेरियस खंबाटा की ओर से लगाए गए तीखे आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। दरअसल, खंबाटा ने दोबारा ट्रस्टी न बनने का फैसला लेते समय एक चिट्ठी लिखी थी, जिसमें उन्होंने टाटा संस के घटनाक्रमों और फैसलों की कड़ी आलोचना की थी। अब 11 नवंबर को दिए अपने लिखित जवाब में विजय सिंह और वेणु श्रीनिवासन ने खंबाटा के उठाए गए हर एक बिंदु (पॉइंट) को सिरे से खारिज कर दिया है।
दोनों वाइस चेयरमैन ने अपनी चिट्ठी में सीधा सवाल उठाया है कि क्या खंबाटा की असली चिंता 'टाटा मॉडल' को बचाने की है या फिर टाटा संस पर मौजूदा ट्रस्ट लीडरशिप के नियंत्रण को बनाए रखने की है। हालांकि दोनों ने खंबाटा की नीयत पर सीधे तौर पर शक न करने की बात कही है, लेकिन यह भी तर्क दिया कि उनके बयानों और चिंताओं में कई महत्वपूर्ण पहलू अधूरे हैं। विजय सिंह ने अपने बयान में इस बात पर जोर दिया कि न्याय और स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ अपने करीबियों को भी उसी तराजू में तौलना है, जिससे विरोधियों को परखा जाता है।